झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और परिमल नाथवानी ने भरा पर्चा

Jun 8, 2026 - 17:04
झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और परिमल नाथवानी ने भरा पर्चा

RANCHI : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहे गहमा-गहमी के बीच सोमवार को जेएमएम प्रत्याशी बैद्यनाथ राम और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने नामांकन दाखिल कर दिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में जेएमएम उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने दो सेट में नामांकन दाखिल किए. 

हेमंत सोरेन की उपस्थिति में ही कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने भी दो सेट में पर्चा भरा. महागठबंधन के दोनों उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल में कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक भूपेश बघेल व अजय शर्मा, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के.राजू एवं सत्तारूढ़ गठबंधन के तमाम मंत्री व विधायक मौजूद रहे.

तीनों उम्मीदवारों ने किया जीत का दावा

इधर, बीजेपी समर्थित उम्मीदवार परिमल नथवानी ने भी नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन से पहले नथवानी बीजेपी के प्रदेश कार्यालय भी पहुंचे थे. बाद में बीजेपी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के आवास पर जाकर वहां से बीजेपी विधायकों के साथ नामांकन के लिए विधानसभा पहुंचे. वहीं, तीनों उम्मीदवारों ने जीत का दावा किया है.

नाथवानी के नामांकन में बीजेपी के सभी विधायक रहे मौजूद

नामांकन दाखिल करने के बाद परिमल नाथवानी ने कहा कि झारखंड में काम कर चुका हूं. इस बार मौका मिलेगा तो और ज्यादा काम करूंगा. उन्होंने कहा कि झारखंड मेरी कर्मभूमि है. मैं सबके साथ मिलकर काम करने वाला हूं. परिमल नाथवानी ने कहा कि वे जीत के प्रति 100 परसेंट कांफिडेंट है. नाथवानी के नामांकन के वक्त बीजेपी के सभी विधायक मौजूद रहे.

वहीं, परिमल नाथवानी के नामांकन किए जाने के बाद जेएमएम के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि हमारी जीत सुनिश्चित है. बीजेपी को सोचना चाहिए कि उनके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिनों तक झारखंड में रहे लेकिन उसके बाद भी बीजेपी अपना उम्मीदवार राज्यसभा में नहीं दे पाई. निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के आने से इंडिया गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0