JHARKHAND NEWS : झारखंड में SIR की अवधि नहीं बढ़ेगी, 29 जुलाई तक ही जमा होंगे गणना प्रपत्र
RANCHI : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की अवधि अब नहीं बढ़ाई जाएगी। गणना चरण का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और आपके पास अब महज पांच दिन ही शेष बचे हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि 29 जुलाई के बाद मतदाताओं से गणना प्रपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में सिर्फ उन्हीं मतदाताओं का नाम शामिल होगा, जो निर्धारित अवधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर और हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ (BLO) को वापस लौटा देंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उन तमाम मतदाताओं से पुरज़ोर अपील की है जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे तुरंत अपना फॉर्म भरकर जमा करें। यदि आपने ऐसा नहीं किया, तो आपका नाम मतदाता सूची से कट सकता है! अगर अब तक के आंकड़ों पर नज़र डालें, तो राज्य के कुल 2 करोड़ 64 लाख से अधिक मतदाताओं में से लगभग शत-प्रतिशत यानी 2 करोड़ 63 लाख से ज्यादा लोगों को बीएलओ के जरिए गणना प्रपत्र मिल चुके हैं।
राहत की बात यह है कि 88 प्रतिशत मतदाताओं के प्रपत्र डिजिटाइज भी किए जा चुके हैं। अब सिर्फ 12 प्रतिशत मतदाताओं के प्रपत्र जमा होना बाकी हैं। निर्वाचन आयोग को पूरी उम्मीद है कि बचे हुए इन पांच दिनों में शेष सभी फॉर्म भी जमा हो जाएंगे।
अब तक कुल 2 करोड़ 9 लाख 28 हजार 990 मतदाताओं के प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन हो चुका है, और इन सभी के नाम 5 अगस्त को आने वाली सूची में सुरक्षित दर्ज होंगे।तो देर किस बात की? अगर आपने अब तक अपना गणना प्रपत्र भरकर अपने बीएलओ को नहीं सौंपा है, तो आज ही यह बेहद जरूरी काम पूरा करें, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में आपकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











