प्रिंस हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 और फरार आरोपियों के घर चिपकाया इश्तहार

Sep 17, 2026 - 09:21
प्रिंस हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 और फरार आरोपियों के घर चिपकाया इश्तहार

नवादा/सिरदला: प्रिंस कुमार की मौत के मामले में सिरदला पुलिस की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार देर शाम थाना अध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम नाद गांव के टांड़ पहुंची और न्यायालय से जारी इश्तहार के तहत 11 लोगों के घरों पर इश्तहार चिपकाया। पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पुलिस के अनुसार, जिन लोगों के घर इश्तहार चिपकाया गया, उनमें हरिश्चंदर चौधरी, चंदन राजवंशी, ललन राजवंशी, शक्लदीप राजवंशी, राजबली राजवंशी, शुकदेव राजवंशी, नाथो राजवंशी, सौरभ राजवंशी, दयानंद राजवंशी, टुनटुन राजवंशी और डेगन चौधरी शामिल हैं।

इससे एक दिन पहले मंगलवार शाम भी पुलिस ने नाद टांड़ पहुंचकर कुछ प्राथमिक अभियुक्तों के घर न्यायालय से जारी इश्तहार चिपकाया था। इस दौरान पुलिस ने ढोल बजाकर और माइकिंग कराकर भी कार्रवाई की जानकारी दी थी। लगातार हो रही कार्रवाई से मामले में फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

दरअसल, 21 अगस्त को बढ़ीबिगहा और नाद गांव के बीच पटवन के पानी को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद करीब 16 वर्षीय प्रिंस कुमार की आहर में डूबने से मौत हो गई थी।

मृतक के परिजनों और मारपीट में घायल शिवकुमार यादव ने आरोप लगाया था कि विवाद के दौरान प्रिंस के साथ मारपीट की गई और उसे आहर के गहरे पानी में डाल दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही होगी।

मृतक के पिता के आवेदन पर सिरदला थाना कांड संख्या 251/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक नामजद आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना अध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि न्यायालय की प्रक्रिया के तहत फरार आरोपियों के घर इश्तहार चिपकाया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0