प्रशांत किशोर ने ली विधानसभा की सदस्यता, बोले : बिहार की बेहतरी के लिए मैं करूंगा काम

Aug 17, 2026 - 17:21
प्रशांत किशोर ने ली विधानसभा की सदस्यता, बोले : बिहार की बेहतरी के लिए मैं करूंगा काम

PATNA : जन सुराज के संयोजक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने आज यानी सोमवार को बिहार विधानसभा की सदस्यता की शपथ ले ली है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई.

'सदन का सदस्य बनना गौरव की बात'

शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि इस सदन का सदस्य बनना गौरव की बात है. जिस सदन के जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, श्री कृष्ण सिंह, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान, केदार पांडे और सुशील मोदी जैसे नेता सदस्य रहे हैं, उस सदन का सदस्य बनना मेरे लिए गौरव की बात है.

बांकीपुर में जबरदस्त जीत

दरअसल, बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने शानदार जीत हासिल की है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन राज्यसभा के सदस्य बने और उसके बाद 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव हुआ था. 3 अगस्त को बांकीपुर विधानसभा का रिजल्ट आया जिसमें प्रशांत किशोर ने एनडीए उम्मीदवार को करीब 20000 वोटों से हराया. जीत के बाद आज विधानसभा की शपथ ले ली.

रोजगार है बड़ी चुनौती

विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने अब अपने चुनावी वादों को जमीन पर उतारने की चुनौती है. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है. प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि उनका लक्ष्य अगले एक-दो वर्षों में क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में मदद करना है. इसके लिए उन्होंने नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से अपना सीवी (CV) और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की है.

विधानसभा चुनाव में मिली थी शिकस्त

प्रशांत किशोर 2025 विधानसभा चुनाव में भी 243 सीटों में से अधिकांश सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली. प्रशांत किशोर के उस समय भी चुनाव लड़ने की चर्चा थी. तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से भी चुनाव लड़ने की उनकी चर्चा होती रही लेकिन प्रशांत किशोर खुद किसी सीट पर चुनाव नहीं लड़े. जब बांकीपुर उपचुनाव हुआ तब प्रशांत किशोर ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है.

पुरजोर तरीके से रखेंगे अपनी बात

कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर भले ही अपनी पार्टी के अकेले विधायक सदन में रहेंगे, लेकिन उनके बातों की गूंज जोरदार तरीके से सुनाई पड़ेगी. दरअसल जिस प्रकार से वह सरकार पर हमलावर हैं उससे साफ है कि आने वाले समय में बिहार विधानसभा का सत्र गर्माया हुआ दिखाई पड़ेगा.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0