झारखंड के नए एडवोकेट जनरल रोहितश्य रॉय ने संभाला पदभार 

Jun 15, 2026 - 16:30
झारखंड के नए एडवोकेट जनरल रोहितश्य रॉय ने संभाला पदभार 

RANCHI : झारखंड के नए एडवोकेट जनरल रोहितश्य रॉय ने सोमवार को झारखंड हाइकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय में प्रभार ग्रहण किया. प्रभार लेने के बाद महाधिवक्ता को बधाई देने वालों का तांता लग गया. वरीय अधिवक्ता, अधिवक्ता और अधिवक्ता लिपिकों ने महाधिवक्ता को गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी. 

महाधिवक्ता का इस्तीफा, नई नियुक्ति 

खास बात यह है कि रविवार को महाधिवक्ता राजीव रंजन ने व्यक्तिगत हवाला देते हुए अपने पद से त्याग-पत्र दे दिया था. इसके बाद झारखंड सरकार ने महाधिवक्ता के पद पर रोहितश्य रॉय की नियुक्ति की अधिसूचना रविवार की देर शाम जारी कर दी.  

रोहितश्य रॉय की पहचान 

रोहितश्य रॉय अपनी उत्कृष्ट विधिक प्रतिभा, निष्पक्ष पेशेवर आचरण और न्याय व्यवस्था के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं. दो दशक से अधिक लंबे कानूनी अनुभव के दौरान उन्होंने न केवल न्यायिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है बल्कि बार और बेंच दोनों के बीच सम्मानजनक स्थान भी प्राप्त किया है. 

रांची से शुरू हुआ सफर 

14 मई 1980 को जन्मे रोहितश्य रॉय स्वर्गीय अधिवक्ता वीरेन्द्र नाथ राय (बीरू बाबू) के बेटे हैं. उनकी प्रारंभिक शिक्षा रांची के प्रतिष्ठित संत जेवियर स्कूल, डोरंडा में हुई. छात्र जीवन से ही उन्हें कानून और जन सरोकारों के विषयों में विशेष रुचि थी. 

2003 से वकालत की नई शुरुआत 

उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से संबद्ध सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज से विधि की शिक्षा प्राप्त की और वर्ष 2003 में एलएलबी की डिग्री हासिल की. वर्ष 2003 में उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में वकालत की शुरुआत की. अपनी मेहनत, लगन, प्रभावशाली पैरवी और विधिक विषयों की गहरी समझ के बल पर उन्होंने शीघ्र ही झारखंड के विभिन्न न्यायिक मंचों पर एक कुशल और भरोसेमंद अधिवक्ता के रूप में पहचान बना ली.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0