सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी का अद्भुत संयोग, बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Aug 17, 2026 - 17:37
सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी का अद्भुत संयोग, बाबा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

DEOGHAR : सावन की तीसरी सोमवारी के साथ नाग पंचमी के शुभ संयोग पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. देश के कोने-कोने से पहुंचे कांवरिया और श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए अहले सुबह से ही कतार में खड़े हैं. मंदिर में भीड़ का आलम यह है कि पूरा बाबा धाम हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा है.

पुलिस अधिकारी भीड़ पर कर रहे निगरानी

सुबह 4:30 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने भीतरी अरघा और बाहरी अरघा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ पर जलाभिषेक शुरू किया. श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है. शहर के तमाम वरीय अधिकारी मंदिर परिसर में कैंप कर लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं.

तीसरी सोमवारी पर सबसे ज्यादा भीड़ की उम्मीद

तीसरी सोमवारी को लेकर पहले से ही प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई थी. वहीं, आज सोमवारी, नाग पंचमी और संक्रांति के संयोग के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है. अनुमान लगाया जा रहा है कि आज बाबा धाम में करीब 5 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच सकते हैं. सुबह करीब 9 बजे तक लगभग एक लाख श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है.

पंडा समाज ने बताया विशेष संयोग

बाबा मंदिर में मौजूद पंडा ने बताया कि आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इस विशेष सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होने की मान्यता है. उन्होंने बताया कि बांग्ला पंचांग के अनुसार आज सोमवारी का विशेष संयोग है. इसके साथ ही संक्रांति और नाग पंचमी का भी शुभ संयोग बन रहा है. इसके अलावा आज बांग्ला साबुन का अंत भी हो रहा है. यही वजह है कि इस बार तीसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं. मंदिर परिसर से लेकर कतार मार्ग और मेला क्षेत्र तक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराया जा सके. श्रद्धालुओं में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0