अंधविश्वास का अंधेरा दूर करने के लिए शिक्षा का प्रकाश फैलाएं : किरण सिंह

Jun 5, 2024 - 10:10
अंधविश्वास का अंधेरा दूर करने के लिए शिक्षा का प्रकाश फैलाएं : किरण सिंह

रांची। सामाजिक संस्था सिटीजन एक्शन ग्रुप की अध्यक्ष और शहर की लोकप्रिय समाजसेविका किरण सिंह ने कहा है कि अंधविश्वास का अंधेरा दूर करने के लिए शिक्षा का प्रकाश फैलाना जरूरी है। समाज में व्याप्त कुरीतियों के कारण सामाजिक विकास अवरुद्ध होता है। उन्होंने कहा कि विशेषकर झारखंड के आदिवासी बहुल ग्रामीण इलाकों में डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास व अन्य कुप्रथाओं की वजह से निर्दोष महिलाएं उत्पीड़न की शिकार होती हैं। अक्सर इस प्रकार की घटनाओं से संबंधित मामले समाचार पत्रों की सुर्खियां बनती है। श्रीमती सिंह ने कहा कि अंधविश्वास और कुप्रथाओं से मुक्ति के लिए शिक्षा का प्रचार-प्रसार अत्यंत जरूरी है। तभी अंधविश्वास से समाज को छुटकारा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अज्ञानता का अंधकार दूर हो और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा का प्रकाश फैले, इस दिशा में सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक है। डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास के वशीभूत होकर किसी की हत्या कर देना सभ्य समाज के माथे पर कलंक का टीका है। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास और समाज में व्याप्त कुप्रथाएं झारखंड के विकास में बड़ी बाधा है। हम सबों का यह प्रयास होना चाहिए कि झारखंड के माथे से यह दाग मिटे। इससे मुक्ति के लिए लोगों को शिक्षित करना और साक्षरता दर बढ़ाने की नितांत आवश्यकता है। तभी कुप्रथाएं समाप्त होगी और डायन-बिसाही का आरोप लगाकर निर्दोष महिलाओं पर अत्याचार जैसी घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि उनकी संस्था की ओर से भी इस दिशा में पहल किए जाने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सिटीजन एक्शन ग्रुप से जुड़ी महिलाओं की एक टीम अंधविश्वास मिटाने को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0