पितृपक्ष मेला-2026 होगा हाईटेक, 40 हजार सफाईकर्मी और सोलर वाटर एटीएम की होगी व्यवस्था
गयाजी। विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों को लेकर गया नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को निगम सभागार में मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया। बैठक में मेले को भव्य, स्वच्छ और आधुनिक स्वरूप देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। हालांकि, बैठक के दौरान मेयर और कुछ पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए सदन का माहौल गर्म हो गया। बैठक में आगामी पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मेयर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की पहचान है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पिंडदान के लिए आते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में कई नई व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिनमें सबसे अधिक प्राथमिकता स्वच्छता को दी गई है। मेयर ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए अधिक संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती कर मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
मेला क्षेत्र बनेगा हाईटेक
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार पितृपक्ष मेला क्षेत्र को हाईटेक बनाने का निर्णय लिया गया है। श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर सोलर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इसके अलावा चार प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएंगी, जिन पर गयाजी के धार्मिक महत्व, पितृपक्ष मेले की जानकारी तथा जनप्रतिनिधियों के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु से जुड़े धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने के लिए लेजर लाइट शो का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही फल्गु नदी की सफाई बोट के माध्यम से कराई जाएगी। सदन ने सीताकुंड वेदी पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से मिनी जलापूर्ति केंद्र के निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मनोज कुमार, सारिका वर्मा, पार्षद अनुपमा कुमारी,सोनी देवी,नैयर अहमद, दीपक कुमार चंद्रवंशी, सहित कई पार्षद और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।