भाजपा किसान मोर्चा कार्यालय में सुना गया प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' का 136वां संस्करण

गयाजी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, गया जिला कार्यालय में रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरणा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस बार के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया। साथ ही देशवासियों से सैनिकों के त्याग से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी जीवन, हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योगों के प्रोत्साहन, जल संरक्षण तथा "हर बूंद पानी बचाने" के अभियान पर भी विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें देश का उज्ज्वल भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आगामी 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाने की भी अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि 15 अगस्त से पहले अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दें तथा विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करें। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर, राणा रणजीत सिंह, एस. राजेश आनंद अधिवक्ता, प्रमोद कुमार, डॉ. जेड. खान, रामप्रवेश सिंह, कुंदन सिंह, बबलू गुप्ता सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Jul 26, 2026 - 16:33
भाजपा किसान मोर्चा कार्यालय में सुना गया प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' का 136वां संस्करण

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0