मेहंदी और रंगोली में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

गयाजी। मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में संस्कार सृजन मंच के तत्वावधान में मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक रुचि और सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था। मेहंदी प्रतियोगिता में हिंदी विभाग की रानी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एमबीए विभाग की रिचा कुमारी एवं प्रेरणा कुमारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा संस्कृत विभाग की सुषमा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. एकता वर्मा एवं डॉ. कविता कुमारी थीं। निर्णायक मंडली में डॉ. अलका मिश्रा एवं डॉ. शिप्रा सोलंकी शामिल थीं। रंगोली प्रतियोगिता में जंतु विज्ञान विभाग की श्रुति शर्मा एवं काजल कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी विभाग के सुमित कुमार ने द्वितीय, जबकि स्वाति सिंह एवं खुशबू कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. श्वेता गोयल एवं डॉ. वंदना कुमारी थीं। निर्णायक मंडली में डॉ. शगुन एवं डॉ. इफ्फत शामिल थीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एकता वर्मा ने किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बी.के. मंगलम एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. मुकेश कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। संस्कार सृजन की समन्वयक डॉ. मीनाक्षी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कुलसचिव डॉ. बी.के. मंगलम ने कहा कि ऐसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच विकसित करती हैं। कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. मुकेश कुमार ने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को बढ़ावा देना भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर देती हैं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक मेहंदी और रंगोली की कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। अंत में कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी की ओर से सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

Aug 20, 2026 - 19:18
मेहंदी और रंगोली में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0