लाॅकडाउन में केरल में फंसे एक पीड़ित व्यक्ति के परिजनों को इंद्रजीत ने की मदद

लाॅकडाउन में केरल में फंसे एक पीड़ित व्यक्ति के परिजनों को इंद्रजीत ने की मदद

रांची। वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के मद्देनजर विभिन्न राज्यों में लागू लॉकडाउन के दौरान लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
राजधानी के तुपुदाना
क्षेत्र निवासी एक महिला के पति लॉकडाउन के कारण केरल में फंसे हैं। उक्त महिला के साथ उनकी एक 12 वर्षीय छोटी पुत्री भी है। महिला के पति के केरल में लॉकडाउन के चलते फंसे रहने की वजह से महिला के समक्ष आर्थिक संकट गहराने लगा है। इस संबंध में युवा समाजसेवी व एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह को जैसे ही जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल उक्त महिला से संपर्क किया और उनकी परेशानियों से अवगत हुए। महिला ने बताया कि उनके पति विगत कई माह से लॉकडाउन के कारण केरल में फंसे हुए हैं। इस वजह से उनके समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है। भोजन के लाले पड़ने लगे हैं।
इंद्रजीत ने उनकी समस्याओं से रूबरू होते हुए उन्हें यथासंभव मदद करने का आश्वासन दिया और तत्काल उनके घर पर अपने सहयोगियों संग दैनिक उपयोग की आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
गौरतलब है कि इंद्रजीत और उनकी टीम में शामिल युवा कार्यकर्ता लॉकडाउन के दौरान पीड़ितों के सहायतार्थ निरंतर सेवारत हैं। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा विगत 25 दिनों से कर रहे हैं। गरीबों को उनकी आवश्यकतानुसार सामग्रियां उपलब्ध कराना, उनकी हर संभव सहायता करना, कोरोना से बचाव के लिए उन्हें जागरूक करना आदि कार्य इंद्रजीत व उनकी टीम में शामिल युवाओं की दिनचर्या में शामिल है।