अपर बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के लिए चेंबर ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

बकरी बाजार को पार्किंग स्थल बनाने की मांग

Jun 14, 2024 - 04:53
अपर बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के लिए चेंबर ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

रांची। राजधानी के अपर बाजार में जाम की समस्या के कारण सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराने में दुकानदारों के समक्ष होनेवाली कठिनाई पर चिंता व्यक्त करते हुए सोमवार को झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने नगर आयुक्त को पत्राचार किया। यह कहा गया कि पूरे बाजार क्षेत्र में एक भी स्थान पर पार्किंग (पड़ाव) निर्धारित नहीं होने के कारण सडकों पर ही गाडियां लगती हैं, जिससे यातायात तो बाधित होता ही है, वर्तमान में कोविड से बचाव हेतु जरूरी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कराने में कठिनाई होने की भरपूर संभावना है। ऐसे में इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु बकरी बाजार को पार्किंग स्थल के रूप में शीघ्र विकसित किया जाय।
व्यापारियों की ओर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर आज चैंबर भवन में पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई। जिसमें सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में कोविड के नियमों का पालन करना जरूरी है, पर जाम की समस्या के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना दुकानदारों के लिए चुनौती से कम नहीं है। क्योंकि पूरे बाजार क्षेत्र में एक भी पार्किंग पड़ाव निर्धारित नहीं होने के कारण स्थानीय दुकानदार व दुकान में कार्यरत कर्मचारियों को दुकान के सामने ही वाहन खडे करने पडते हैं। जिस कारण पहले से ही यातायात संकट से जूझते अपर बाजार की गलियां और भी संकरी हो जाती हैं। जाम की बढती समस्या के कारण ही इस बाजार मंडी में लोगों ने आना कम कर दिया है। जिस कारण व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
बैठक में हुए चर्चा के आधार पर चैंबर द्वारा नगर आयुक्त, महापौर-उपमहापौर एवं यातायात पुलिस अधीक्षक को पत्राचार कर यह सुझाया गया कि बाजार क्षेत्र की इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु बकरी बाजार को अविलंब पार्किंग पडाव के रूप में विकसित कराने की पहल करें। साथ ही जिला स्कूल परिसर, रांची विश्वविद्यालय परिसर, बाजार टांड एवं बडा तालाब क्षेत्र में भी पार्किंग की समानांतर व्यवस्था करके अपर बाजार को जाममुक्त बनाने की पहल पर विचार आवश्यक है। चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने कहा कि अपर बाजार में होलसेल से लेकर सेमी होलसेल तक की कई व्यवसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं, जहां से पूरे झारखंड में विभिन्न वस्तुओं की सप्लाई चेन मेंटेन की जाती है। यदि यह बाजार बाधित हो जाय, तो पूरे प्रदेश में सप्लाई चेन प्रभावित हो जायेगी। जाममुक्त क्षेत्र के लिए बाजार क्षेत्र की आधारभूत संरचना विकसित है ही नहीं, ऐसे में समस्या का बिना समाधान किये सोशल डिस्टेंसिंग के लिए व्यवसायियों को विवश करना उचित नहीं है। जरूरी है कि इस समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में निगम द्वारा पहल की जाय और बाजार क्षेत्र में पार्किंग पडाव का निर्धारण किया जाय।
निवर्तमान अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि अपर बाजार की इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स द्वारा पूर्व में कई बार जिला प्रशासन व रांची नगर निगम को अपर बाजार स्थित बकरी बाजार को पार्किंग स्थल बनाने का सुझाव दिया जाता रहा है, लेकिन इस दिशा में अब तक कार्रवाई नहीं किये जाने से ही बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या पूर्व की भांति बनी हुई है।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा, महासचिव राहुल मारू, निवर्तमान अध्यक्ष कुणाल अजमानी एवं कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0