आगरा कैंट घटना के विरोध में गया जंक्शन पर रेल कर्मचारियों का प्रदर्शन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

गया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन, गया शाखा के बैनर तले सोमवार को गया जंक्शन स्थित डिप्टी एसएस कार्यालय के समक्ष आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (Dy. SS) के साथ कथित मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन तथा ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन, हाजीपुर के आह्वान पर देशभर की शाखाओं में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में स्टेशन अधीक्षक, स्टेशन मास्टर, पॉइंट्समैन सहित विभिन्न विभागों के रेल कर्मचारियों ने भाग लिया और आगरा कैंट स्टेशन पर हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी आरपीएफ कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि इस घटना से रेलवे की छवि धूमिल हुई है तथा यात्रियों का भरोसा प्रभावित हुआ है। यूनियन के केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की कार्यकारिणी के सदस्य कामरेड मिथिलेश कुमार ने बताया कि 12 जुलाई को आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही एक महिला यात्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन मैनेजर के माध्यम से ट्रेन रुकवाई थी। आरोप है कि इसके बावजूद आरपीएफ कर्मियों ने महिला पर चेन पुलिंग का मामला बनाकर ₹1000 की वसूली की। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उनके साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। यूनियन ने बताया कि इस मामले की जानकारी रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं रेल मंत्री को पत्र भेजकर दी गई है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और रेलवे की साख तथा यात्रियों का विश्वास कायम रहे। प्रदर्शन में गया स्टेशन मैनेजर विनोद कुमार सिंह, शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, शाखा सचिव मुकेश सिंह, संगठन मंत्री रविराज, शाखा पार्षद नित्यानंद कुमार, धनंजय कुमार, राजीव कुमार अवस्थी, अजय कुमार सिंह, एम. ए. खान, आर. पी. पासवान, बी. बी. पांडे, राजीव कुमार, योगेश कुमार सिन्हा, संतोष चौरसिया, अमित कुमार सिंह, एस. के. सिन्हा, आई. बी. मिश्रा, विशाल अग्निहोत्री, प्रिंस कुमार, संजीत कुमार, धीरज विजेता, संजय कुमार, विजय कुमार, अमित तिवारी, जयप्रकाश मेहता, के. के. सिन्हा, रणविजय कुमार, अंशु कुमार, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jul 16, 2026 - 18:44
आगरा कैंट घटना के विरोध में गया जंक्शन पर रेल कर्मचारियों का प्रदर्शन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0