जगजीवन कॉलेज में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
गयाजी। जगजीवन कॉलेज के गणित विभाग द्वारा इंटर्नशिप को लेकर विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गणित विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने पांचवें एवं सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि पांचवें एवं सातवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। विद्यार्थियों की सहायता के लिए महाविद्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी एवं विभागीय मेंटर उपलब्ध रहेंगे, जबकि जिस कंपनी में विद्यार्थी इंटर्नशिप करेंगे, वहां के सुपरवाइजर उनकी आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इंटर्नशिप किन संस्थानों से की जा सकती है तथा किन विषयों में इंटर्नशिप की अनुमति नहीं है।
कार्यक्रम में बताया गया कि इंटर्नशिप पूर्ण होने के बाद बाह्य एवं आंतरिक परीक्षकों द्वारा उसका मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही, कंपनी के सुपरवाइजर द्वारा इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) प्रदान किया जाएगा। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप पूरी होने के 20 दिनों के भीतर अपनी इंटर्नशिप रिपोर्ट महाविद्यालय में जमा करनी होगी।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंटर्नशिप के साथ-साथ महाविद्यालय में नियमित उपस्थिति भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित किया जा सकता है।कार्यक्रम में प्रो. रतिकांत दास, प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. अंकना, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र, डॉ. शोभा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।