बिहार में पूर्ण बहुमत से भाजपा-जदयू गठबंधन की बनेगी सरकार : अशोक सिंह

बिहार में पूर्ण बहुमत से भाजपा-जदयू गठबंधन की बनेगी सरकार : अशोक सिंह

बख्तियारपुर (पटना)। भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि बिहार में व्यापक जनसमर्थन से एक बार फिर भाजपा- जदयू गठबंधन की सरकार बनेगी। बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए अभी से ही उन्हें चुनाव में समर्थन देने का निर्णय ले लिया है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार का जितना विकास हुआ, उतना उनके पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में कभी नहीं हुआ। विगत तकरीबन 15 वर्षों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास कार्यों में काफी तेजी आई है। जनहित के कार्यों को तरजीह देते हुए नीतीश कुमार ने जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कई ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं,जो मील का पत्थर साबित हुए हैं। उनके कार्यों के आधार पर बिहार की जनता ने उन्हें विकास पुरुष और सुशासन बाबू की संज्ञा से विभूषित किया है। श्री सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार में परिवर्तन की बयार तेज हुई है। सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की चहुंओर सराहना की जा रही है। जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया करने के प्रति समर्पित बिहार की भाजपा -जदयू गठबंधन की सरकार ने जनाकांक्षाओं को पूरा करने के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। श्री सिंह ने कहा कि बिहार के विकास और उपलब्धियों के आधार पर एक बार फिर आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता भाजपा-जदयू गठबंधन को समर्थन देकर भारी मतों से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।