शहीदों को नमन, जवानों का सम्मान: 205वीं कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
गयाजी । केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ.) की विशेष इकाई 205 कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बटालियन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों एवं आमंत्रित अतिथियों ने भाग लेकर बटालियन की गौरवशाली उपलब्धियों को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 205 कोबरा बटालियन के कमांडेंट नरेश पंवार ने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को 18वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि बटालियन की उपलब्धियों और गौरवशाली परंपरा के पीछे जवानों के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने देश की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कमांडेंट नरेश पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि 205 कोबरा बटालियन ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अनेक चुनौतीपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम देकर देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जवानों से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने जवानों के साहस, सेवा भावना और समर्पण की सराहना की।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी अजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट नरेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट दिव्या प्रकाश पांडेय सहित अधिकारी जवान और परिजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।