हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर वजीरगंज विधानसभा में व्यापक तैयारी, विधायक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बैठक, प्रत्येक मंडल में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
गया जी। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व वजीरगंज विधायक श्री वीरेंद्र सिंह ने किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र के हर घर पर तिरंगा लगाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा के प्रत्येक मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीयता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र को सक्रिय रूप से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई। शक्ति केंद्रों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक कर उन्हें अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जोड़ा जाएगा। कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभियान को प्रत्येक गांव, टोला और घर तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। बैठक में विधानसभा क्षेत्र को दो प्रमुख हिस्सों में विभाजित कर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। एक भव्य तिरंगा यात्रा वजीरगंज क्षेत्र में तथा दूसरी मानपुर नगर मंडल क्षेत्र में आयोजित की जाएगी। दोनों कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निर्णय के अनुसार 12/08/26 को वज़ीरगंज में तथा 13/08/26 को मानपुर मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बैठक में वजीरगंज विधायक माननीय वीरेंद्र सिंह, भाजपा महामंत्री विनोद सिंह, मानपुर नगर मंडल अध्यक्ष बालाजी, महामंत्री विनय कुमार प्रभाकर, वजीरगंज विधानसभा मीडिया सेल संयोजक राकेश रंजन कुमार, मानपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, राजीव रंजन, वजीरगंज मंडल अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, विकास सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. सुरेंद्र सिंह, नरेश सिंह, महिला मोर्चा की राखी सेठ, अनुराधा कुमारी, वजीरगंज नगर परिषद अध्यक्ष काका जी, तथा भारतीय जनता पार्टी गया जी पूर्वी के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार चौधरी सहित विधानसभा क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने और तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।