AIIMS देवघर में पहली बार सफल ओपन हार्ट सर्जरी, झारखंड के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

Jun 28, 2026 - 15:43
AIIMS देवघर में पहली बार सफल ओपन हार्ट सर्जरी, झारखंड के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

DEOGHAR : AIIMS यानी एम्स देवघर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सफलतापूर्वक ओपन हार्ट सर्जरी की है. संस्थान में पहली बार संपन्न हुई इस जटिल सर्जरी को चिकित्सा जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है. यह सफलता कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग के डॉ रजत अग्रवाल और एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के डॉ. संजय कुमार के कुशल नेतृत्व में संभव हो सकी. दोनों चिकित्सकों के मार्गदर्शन में सर्जिकल टीम ने जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया.

पूरी टीम के समन्वय से मिली सफलता

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में सर्जिकल टीम, एनेस्थीसिया टीम, आईसीयू टीम और नर्सिंग स्टाफ की भूमिका भी सराहनीय रही. सभी विभागों के बेहतर समन्वय और पेशेवर दक्षता के कारण सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी. संस्थान प्रबंधन ने पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है.

संसाधनों की उपलब्धता में ईडी की रही अहम भूमिका

एम्स प्रबंधन ने संस्थान के कार्यकारी निदेशक (ईडी) के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है. हार्ट-लंग मशीन की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने, हाइट्स (HITES) के माध्यम से आवश्यक तकनीकी सहयोग प्राप्त करने तथा परफ्यूज़निस्ट टीम की व्यवस्था कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. साथ ही ऑपरेशन के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उन्होंने इस ऐतिहासिक सफलता की मजबूत नींव तैयार की.

क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा लाभ

एम्स देवघर में ओपन हार्ट सर्जरी की शुरुआत होने से संताल परगना समेत झारखंड और आसपास के राज्यों के गंभीर हृदय रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी. अब मरीजों को जटिल हृदय सर्जरी के लिए दूरस्थ बड़े चिकित्सा संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0