झारखण्ड के लाल ने कर दिया कमाल, कैप्टन अमन आयुष्कर ने IFS परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 27वीं रैंक
RANCHI : झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले अमन आयुष्कर ने अपनी मेहनत और संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय वन सेवा यानी IFS परीक्षा के घोषित परिणाम में अमन ने ऑल इंडिया 27वीं रैंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अब युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
झारखण्ड के लाल ने कर दिया कमाल
अमन आयुष्कर का सफर संघर्ष, सेवा और समर्पण से भरा रहा है। वर्ष 2018 में उन्होंने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा पास की थी। इसके बाद जनवरी 2020 में उनकी नियुक्ति रक्षा मंत्रालय में हुई, जहां उन्होंने कैप्टन के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
साल 2021 में गलवान घाटी घटना के बाद भारत-चीन सीमा पर रणनीतिक रूप से अहम ‘कैलाश मानसरोवर रोड’ निर्माण परियोजना में उनके योगदान की काफी सराहना हुई। कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें ‘आर्मी कमांडर मेडल’ से भी सम्मानित किया गया था।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में काम करने के दौरान अमन की मुलाकात वन विभाग के अधिकारियों से हुई। यहीं से उनके भीतर पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को लेकर नई सोच विकसित हुई। उन्होंने तय किया कि अब वह ऑल इंडिया सर्विस के जरिए प्रकृति और वन संरक्षण के क्षेत्र में काम करेंगे।
इसके बाद उन्होंने 2024 में कैप्टन पद से इस्तीफा देकर पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। अमन ने शुरुआती पढ़ाई सेंट जेवियर स्कूल साहिबगंज से की और बाद में IIT दिल्ली से एमटेक की डिग्री हासिल की।
अमन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पटना के चर्चित ‘डॉल्फिन मैन’ से मिली प्रेरणा का भी जिक्र किया। साहिबगंज में गंगा नदी में प्रस्तावित डॉल्फिन सेंचुरी और डॉल्फिन संरक्षण अभियान ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनका लक्ष्य झारखंड को हरा-भरा बनाना और वन संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर काम करना है। अमन के पिता किसान होने के साथ ट्यूशन शिक्षक भी हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल हमेशा प्रेरणादायक रहा है।
अपनी सफलता के बाद अमन ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि असफलता से घबराना नहीं चाहिए। लगातार मेहनत और धैर्य से ही सफलता मिलती है। साहिबगंज में निहारिका सिन्हा के बाद अमन आयुष्कर की इस उपलब्धि ने यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं में नया उत्साह भर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











