चतरा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 10 लाख रुपये की अफीम के साथ दबोचा गया तस्कर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद अफीम की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। चतरा और आसपास के इलाके लंबे समय से अफीम तस्करी के लिए संवेदनशील माने जाते रहे हैं।

May 14, 2026 - 17:19
May 14, 2026 - 17:19
चतरा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 10 लाख रुपये की अफीम के साथ दबोचा गया तस्कर

NEWS DESK : चतरा जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है। ईंटखोरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक कार से 2 किलो 28 ग्राम अफीम जब्त की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

चतरा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ईटखोरी थाना क्षेत्र में कार के जरिए अवैध अफीम की तस्करी होने वाली है। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर वाहन जांच अभियान चलाया गया।

छापेमारी में अफीम के साथ दबोचा गया तस्कर

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की जांच की। तलाशी के दौरान कार से दो किलो 28 ग्राम अफीम बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लिपदा गांव निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लाखों की कीमत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद अफीम की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। चतरा और आसपास के इलाके लंबे समय से अफीम तस्करी के लिए संवेदनशील माने जाते रहे हैं। पुलिस का कहना है कि नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ ईटखोरी थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

छापेमारी टीम में शामिल थे कई अधिकारी

इस कार्रवाई में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक अमिता लकड़ा, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार, दुखीराम महतो, ओमप्रकाश यादव और जयपाल उरांव सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0