खान सर फायरिंग केस में नया ट्विस्ट, ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से वीडियो जारी, हिरासत में लिए गये खान सर के दो सहयोगी

Jun 4, 2026 - 15:58
खान सर फायरिंग केस में नया ट्विस्ट, ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से वीडियो जारी, हिरासत में लिए गये खान सर के दो सहयोगी

PATNA : पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित फायरिंग और हंगामे के मामले में नया मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी एक वीडियो के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और खान सर के दो सहयोगियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

वीडियो को लेकर दावा किया गया है कि विवाद के दौरान फायरिंग दूसरी ओर से हुई थी। इस दावे के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को पुलिस टीम खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और वहां से दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। दोनों से घटना और वायरल वीडियो को लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए गंभीर आरोप

ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के सदस्य आदर्श ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वीडियो जारी करते हुए कहा कि पूरी घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका दावा है कि वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मामले में खान सर की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

क्या था पूरा मामला?

बताया जाता है कि 2 मई की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हंगामा हुआ था। आरोप है कि कुछ लोग वहां पहुंचे और गार्ड के साथ मारपीट की। इस दौरान पत्थरबाजी हुई और कोचिंग संस्थान के पोस्टर-बैनर भी फाड़ दिए गए।

घटना के बाद खान सर ने दावा किया था कि मौके पर कई राउंड फायरिंग हुई है। हालांकि बाद में वे शुरुआती बयान से पलट गये थे। इसके बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी पहले सामने आ चुका है। फुटेज में कुछ लोगों को गार्ड के साथ मारपीट करते और कोचिंग परिसर में हंगामा करते देखा गया था। साथ ही पत्थरबाजी और पोस्टर फाड़ने की घटनाएं भी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया था।

रौशन आनंद समेत तीन लोग पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार किया था। बाद में कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और फिलहाल वे बेऊर जेल में हैं।

वहीं, रौशन आनंद ने गिरफ्तारी के बाद खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका दावा था कि गोली चलने की पुष्टि अब तक नहीं हुई है और पूरी सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0