सिनेमाघरों के बाद भोजपुरी की सबसे बड़ी फ़िल्म “रंग दे बसंती” अब जियो हॉटस्टार पर
ENTERTAINMENT DESK : भोजपुरी सिनेमा की सबसे चर्चित और बड़े बजट की फिल्मों में शामिल ‘रंग दे बसंती’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर रिलीज हो गई है। सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर प्यार पाने के बाद अब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों के लिए उपलब्ध है। एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड प्रस्तुत इस फिल्म को भोजपुरी सिनेमा की तकनीकी रूप से समृद्ध और बड़े कैनवास पर बनी फिल्मों में गिना जा रहा है, जिसमें देशभक्ति, भावनाएं, एक्शन और मनोरंजन का प्रभावशाली संगम देखने को मिलता है।
फिल्म के निर्माता रोशन सिंह ने बताया कि जो दर्शक किसी कारणवश इस फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, उनके लिए अब इसे घर बैठे देखने का सुनहरा अवसर है। फिल्म की ओटीटी रिलीज के साथ एक बार फिर भोजपुरी सिनेमा के स्तर और उसकी बढ़ती लोकप्रियता की चर्चा तेज हो गई है। देशभक्ति, भावनात्मक कहानी और भव्य प्रस्तुति से सजी ‘रंग दे बसंती’ अब JioHotstar पर पूरे परिवार के साथ देखी जा सकती है और भोजपुरी सिनेमा के नए दौर का अनुभव कराया जा रहा है।
फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार खेसरीलाल यादव ने अपने दमदार अभिनय से यह साबित किया है कि भोजपुरी सिनेमा भी बड़े स्तर की विषयप्रधान और देशभक्ति से ओत-प्रोत फिल्मों का निर्माण करने में सक्षम है। भव्य लोकेशंस, शानदार सिनेमैटोग्राफी, प्रभावशाली बैकग्राउंड स्कोर और भावनात्मक कहानी फिल्म को अलग पहचान देते हैं। फिल्म का हर दृश्य दर्शकों को अंत तक बांधे रखने में सफल रहता है और भोजपुरी सिनेमा के बढ़ते स्तर की झलक पेश करता है।
फिल्म को लेकर खेसरीलाल यादव ने फिल्म को लेकर कहा, "‘रंग दे बसंती’ हमारे दिल के बेहद करीब फिल्म है। इसे हमने पूरे समर्पण और मेहनत के साथ बनाया है ताकि भोजपुरी सिनेमा भी बड़े स्तर की, सार्थक और देशभक्ति से ओत-प्रोत फिल्मों के लिए पहचाना जाए। सिनेमाघरों में दर्शकों ने जिस तरह प्यार दिया, उसके लिए मैं सभी का दिल से आभारी हूं। अब यह फिल्म JioHotstar पर उपलब्ध है। मेरी सभी दर्शकों से अपील है कि अपने पूरे परिवार के साथ इस फिल्म को जरूर देखें और भोजपुरी सिनेमा को आगे बढ़ाने में अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें।"
फिल्म में खेसरीलाल यादव के साथ रति पांडे, डायना खान, अमिताभ भट्टाचार्य और फिरोज खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म की सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह और निर्देशक प्रेमांशु सिंह हैं। संगीत ओम झा और कृष्णा बेदर्दी ने दिया है, जबकि गीत प्यारे लाल यादव, अरविंद तिवारी, राकेश निराला, डॉ. कृष्णा एन. शर्मा, कृष्णा बेदर्दी और सत्या सावरकर ने लिखे हैं। फिल्म के डीओपी वासु तथा पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











