सुशासन : छेड़खानी की शिकायत करने पर बदमाशों ने छात्रा को मार डाला

अपनी शिकायत से नाराज बदमाशों ने दूसरे दिन लड़की को कोचिंग जाने के दौरान बीच रास्ते रोककर ईंट-पत्थर और रॉड से पीटने लगे।

Sep 5, 2023 - 10:21
Jun 5, 2024 - 10:24
सुशासन : छेड़खानी की शिकायत करने पर बदमाशों ने छात्रा को मार डाला

वैशाली:

बिहार में सुशासन का दौर अपने चरम पर है। सुशासन का आलम ऐसा है की कोई भी ऐसा दिन नहीं बीत रहा है जब किसी निर्दोष को सरेआम क़त्ल नहीं कर दिया जाता हो। प्रतिदिन हत्या, लूट, बलात्कार, छिनतई की खबरें अब आम सी हो गई है। अपराधी बेलगाम हो गये हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे क़ानून और प्रशासन अपराधियों के हाथों की कठपुतली बन कर रह गये हैं, जो तमाशा ख़त्म जाने के बाद सिर्फ़ औपचारिकताएँ पूरी करने के लिए हाज़िर हो जाते हैं।

वैशाली में 15 साल की एक लड़की की हत्या कर दी गई है। हत्या की वजह जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएँगे। लड़की को हत्यारे बीच रास्ते में छेड़ते थे। इस बात की शिकायत लड़की ने अपने परिवारवालों से कर दी थी। बस इसी बात को लेकर मनचलों ने उस मासूम की हत्या कर दी। इसी से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि बिहार में अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है?

जानिए पूरे मामले को: 

अपनी बहन के साथ कोचिंग जा रही छात्रा को कर्ताहा थाना क्षेत्र इलाके में बीच सड़क पर बदमाशों ने पीट-पीटकर मार डाला। लड़की 8वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी कोचिंग घर से डेढ़ किलोमीटर दूर थी। वह रोज़ बहन के साथ कोचिंग पढ़ने जाती थी। चार दिन पहले ही कोचिंग जाने के दौरान बदमाशों ने इस लड़की के साथ छेड़खानी की थी। छात्रा ने अपने परिवार से इन मनचलों द्वारा छेड़खानी करने की शिकायत की थी। जिसके बाद परिवार वालों ने इन लड़कों को समझाया कि इस तरह का काम न करें वरना पुलिस में शिकायत दर्ज करवा देंगे। अपनी शिकायत से नाराज बदमाशों ने दूसरे दिन लड़की को कोचिंग जाने के दौरान बीच रास्ते में घेर लिया। उन बदमाशों ने मासूम लड़की को ईंट-पत्थर और रॉड से पीटने लगे। जिसके बाद कुछ लोगों ने इस बारे में लड़की के परिजनों को सुचना दी। बेटी से मारपीट की सूचना जब परिवार को मिली तो वो मौके पर पहुंचे। उस दौरान छात्रा के शरीर से खून बह रहा था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और लड़की की जान जा चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने थाना को सूचना दी। पुलिस ने मौक़े पर पहुँचकर लड़की के परिजनों का बयान लिया और बदमाशों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

लड़की को छेड़ते थे मनचले :

घटना की शिकार हुई लड़की के चाचा ने पुलिस को दिये बयान में बताया है कि – “उनकी भतीजी अपनी बहन के साथ कोचिंग पढ़ने गई थी। बीच रास्ते में अमोद सिंह, राजेश सिंह, अमर सिंह ने मिलकर छात्रा को रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। पहले भी वो छात्रा के साथ छेड़खानी कर चुके थे। लड़की ने घर आकर अपने परिजनों को सारी बात बताई थी। जिसके बाद मनचलों को समझाया गया था। इसी खुन्नस को लेकर बदमाशों ने भतीजी को पीट-पीटकर मार डाला।”

पुलिस जाँच कर रही है:

सदर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि मौक़े से छात्रा का शव मिला है। छात्रा का परिवार हत्या की बात कह रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला पूरी तरह से स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0