पटना में 400-500 ग्रामीणों के नाम खुलवाए म्यूल अकाउंट, 5 करोड़ से ज्यादा की साइबर ठगी का शक; महिला गिरफ्तार
पटना: बिहार की राजधानी पटना से साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाकर इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये के साइबर अपराध से जुड़े लेन-देन किए जा रहे थे। मामला पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के पंडारक गांव का है।
पटना: बिहार की राजधानी पटना से साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाकर इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये के साइबर अपराध से जुड़े लेन-देन किए जा रहे थे। मामला पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के पंडारक गांव का है।
ग्रामीण महिलाओं की शिकायत के बाद पटना साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पटना साइबर डीएसपी संगीता कुमारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम को पंडारक गांव भेजा गया। जांच के दौरान करीब 400 से 500 लोगों के नाम पर म्यूल अकाउंट खुलवाए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने पूछताछ के आधार पर करीब 50 वर्षीय सीता देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सीता देवी पर ग्रामीणों के बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाने में भूमिका निभाने का आरोप है। पूछताछ में उसके द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।
साइबर डीएसपी के अनुसार, ग्रामीणों को अनाज खरीद-बिक्री योजना, शौचालय निर्माण योजना और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर शिविर लगाकर सैकड़ों बैंक खाते और सिम कार्ड एक्टिवेट कराए गए। आरोप है कि इसके बाद साइबर अपराधियों ने इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि कुछ ग्रामीणों के नाम पर खोले गए म्यूल अकाउंट के जरिए लाखों रुपये के लोन लिए जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद ग्रामीणों को अपने नाम पर हुए लेन-देन और कर्ज की जानकारी मिली।
साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार महिला से मिली जानकारी के आधार पर एक मुखिया के घर से कई मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी, दर्जनों सिम कार्ड, बैंक चेकबुक, पासबुक और ATM कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस नेटवर्क के जरिए हुई कथित ठगी की रकम 5 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। साथ ही, पुलिस बैंक खातों के इस्तेमाल और संभावित बैंककर्मियों की संलिप्तता समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







