NEET-UG 2026: रांची के इन 21 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 3 मई 2026 को होने वाली इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

May 1, 2026 - 17:14
NEET-UG 2026: रांची के इन 21 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू

RANCHI : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 3 मई 2026 को होने वाली इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली स्नातक चिकित्सा प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। परीक्षा के सफल, कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के तहत रांची के सभी 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह निषेधाज्ञा 3 मई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से लेकर रात 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के निर्देशों पर सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन को अंदेशा है कि असामाजिक तत्व भीड़ जमा कर परीक्षा प्रक्रिया में व्यवधान डाल सकते हैं, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।

निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के पास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर रोक रहेगी। हालांकि, सरकारी कर्मचारी और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है। किसी भी व्यक्ति को लाठी, डंडा, तीर-धनुष, भाला या किसी भी प्रकार के रिवॉल्वर या बम लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार के ध्वनि लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्ण रोक रहेगी। केंद्रों के पास किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन कानूनी अपराध माना जाएगा।

इन केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर

रांची के प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिनमें मारवाड़ी कॉलेज (लेक रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल (करबला टैंक रोड), डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, और विभिन्न पीएम केंद्रीय विद्यालय (हिनू, धुर्वा, नामकुम) शामिल हैं. इसके अलावा गॉसनर कॉलेज, आर्मी पब्लिक स्कूल (दिपाटोली), और सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल (पुरुलिया रोड) जैसे 21 केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। प्रशासन ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग दें। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0