राष्ट्रपति पुरस्कार के चयन एवं परीक्षण में भाग लेने पटना रवाना हुईं गया की तीन गाइड छात्राएं

लंबे अंतराल के बाद जिले को मिली उपलब्धि, डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं के चयन से विद्यालय एवं जिला संस्था में खुशी की लहर

Nov 4, 2026 - 20:09
राष्ट्रपति पुरस्कार के चयन एवं परीक्षण में भाग लेने पटना रवाना हुईं गया की तीन गाइड छात्राएं

गयाजी। बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड की गया जिला शाखा के लिए गौरव का क्षण है। जिले की तीन गाइड छात्राएं राष्ट्रपति पुरस्कार के चयन एवं परीक्षण में भाग लेने के लिए मंगलवार को पटना रवाना हुईं। लंबे अंतराल के बाद गया जिले से तीन गाइड छात्राओं का राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं जिला संस्था में हर्ष का माहौल है। राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित छात्राओं में डीएवी पब्लिक स्कूल, कैंट एरिया, गयाजी की आशना कुमारी, आकांक्षा अनिका आरोही एवं अवंतिका कुमारी शामिल हैं। तीनों छात्राएं स्काउट एवं गाइड की विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय भागीदारी निभाती रही हैं। इस अवसर पर बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड, जिला शाखा गया के जिला सचिव रणजीत कुमार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित होना उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, सेवाभाव और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे चलकर समाज और देश के लिए अच्छे एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के साथ कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी पहचान स्थापित करें। सहायक राज्य संगठन आयुक्त, मगध प्रमंडल राज किशोर पांडेय ने छात्राओं का नेतृत्व करते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित होना स्वयं में गौरव की बात है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे देश और समाज का गौरव हैं। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद भी अपने सेवाभाव को और मजबूत बनाते हुए देश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। विद्यालय की ओर से गाइड कैप्टन रिंकू विश्वकर्मा एवं स्काउट मास्टर जय प्रकाश तिवारी ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंजलि ने कहा कि छात्राओं का राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। डीएवी विद्यालय स्काउट एवं गाइड की गतिविधियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और छात्राएं अपनी उपलब्धियों से विद्यालय का नाम रोशन कर रही हैं। छात्राओं के पटना रवाना होने पर विद्यालय परिवार, जिला संस्था एवं स्काउट-गाइड से जुड़े पदाधिकारियों ने उनकी सफलता और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0