भाजपा छोड़ नीरज शर्मा ने थामा चिराग पासवान का हाथ, लोजपा (रामविलास) में हुए शामिल
पटना। बिहार की राजनीति में दल-बदल का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के युवा नेता नीरज शर्मा और सचिन शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का दामन थाम लिया है। मंगलवार को दोनों नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर उनके नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पटना। बिहार की राजनीति में दल-बदल का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के युवा नेता नीरज शर्मा और सचिन शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का दामन थाम लिया है। मंगलवार को दोनों नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर उनके नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर चिराग पासवान ने बुके भेंट कर दोनों नेताओं का स्वागत किया और नई राजनीतिक पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज शर्मा के लोजपा (रामविलास) में शामिल होने को बिहार की राजनीति में उनकी नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा में निभाईं कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां
वैशाली जिले से आने वाले नीरज शर्मा पिछले करीब दस वर्षों से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। भाजपा में अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं।
वे भाजपा के वैशाली जिला मीडिया प्रभारी रहे। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता और भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी काम किया। इसके अलावा सहकार भारती के वैशाली जिला अध्यक्ष और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान दिया।
कई राज्यों में चुनावी अभियान का अनुभव
नीरज शर्मा का संगठनात्मक अनुभव बिहार तक सीमित नहीं रहा। पार्टी के निर्देश पर उन्होंने दिल्ली, हैदराबाद, केरल और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में चुनाव प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी के रूप में काम करते हुए उन्होंने चुनावी अभियान, जनसंपर्क, संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अनुभव हासिल किया।
चिराग पासवान के नेतृत्व से प्रभावित होकर लिया फैसला
लोजपा (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद नीरज शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की युवा सोच, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार के विकास के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। भाजपा में पिछले दस वर्षों के दौरान मिले अनुभव को अब लोजपा (रामविलास) के संगठनात्मक विस्तार और जनहित के कार्यों में लगाने का प्रयास करेंगे।
नीरज शर्मा ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और आम जनता की समस्याओं को पार्टी के मंच तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







