कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से बढ़ेगी किसानों की समृद्धि : अशोक सिंह

Jun 5, 2024 - 07:20
कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से बढ़ेगी किसानों की समृद्धि : अशोक सिंह

बख्तियारपुर/ पटना। भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के किसानों के लिए एक लाख करोड़ रुपए का कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जारी करने और 8.5 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की छठी किस्त भेजने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता जरूरी है। इस दिशा में प्रधानमंत्री का प्रयास सराहनीय है। किसानों की आमदनी को 2022 तक दोगुनी करने और कृषि के क्षेत्र में गांव स्तर तक बुनियादी सुविधाओं के विकास करने पर तेजी से कार्य शुरू हुआ है। यह भाजपानीत केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में बड़े कृषि सुधार की राह बनाने के बाद अब केन्द्र सरकार किसानों को सीधे उद्योगों से जोड़ने की तैयारी में जुट गई है। यह केंद्र सरकार का काफी सराहनीय कदम है। इससे किसानों को बिचौलियों और कमीशनखोरों से मुक्ति मिलेगी। कृषि क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप्स को भी इसका लाभ मिल सकेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को उद्यमिता से जोड़ने की भी पहल की है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के 8.5 करोड़ किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का 17 हजार करोड़ रुपया ट्रांसफर कर किसानों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपानीत सरकार ने ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की है, जिसका लाभ किसानों को मिल रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0