गया जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मोबाइल व पर्स के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

गयाजी। पूर्व मध्य रेल, डीडीयू मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया ने "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को चोरी के मोबाइल फोन और नकदी सहित गिरफ्तार किया है। आरपीएफ निरीक्षक बनारसी यादव, उप निरीक्षक चंदन कुमार तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार के निर्देशन में आरपीएफ, सीआईबी एवं जीआरपी की संयुक्त टीम गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1सी पर गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली छोर पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसके हावभाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपनी पहचान राजू प्रसाद गुप्ता (53 वर्ष), पिता स्वर्गीय दुलारचंद प्रसाद गुप्ता, निवासी डुहाटांड़, थाना धनसर, जिला धनबाद (झारखंड) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक चोरी का स्मार्टफोन, एक जेंट्स पर्स तथा पर्स में रखे 2,300 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मौका पाकर एक यात्री का मोबाइल और पर्स चोरी किया था। आरपीएफ ने बरामद सामान को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना, गया को सौंप दिया। आरोपी के विरुद्ध कांड संख्या 181/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) में मामला दर्ज किया गया है। बरामद चोरी की संपत्ति की अनुमानित कीमत 12,300 रुपये बताई गई है।

Jul 14, 2026 - 18:34
गया जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मोबाइल व पर्स के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0