तीसरे दिन कैडेटों ने सीखा ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण और मानचित्र पढ़ना, अनुशासन और प्रशिक्षण से मजबूत होंगे एनसीसी कैडेट-कर्नल पंकज
गयाजी। गया कॉलेज परिसर में 6 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से चल रहे दस दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (सीएटीसी) के तीसरे दिन एनसीसी कैडेटों को विभिन्न सैन्य एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कैडेटों को पीटी एवं ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, अतिथि व्याख्यान, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों तथा मैप रीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सैन्य गतिविधियों की बारीकियों से अवगत कराया गया। मैप रीडिंग के माध्यम से कैडेटों को मानचित्र की जानकारी और दिशा पहचानने के तरीके बताए गए। वहीं, हथियार प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आवश्यक जानकारी दी गई।
इस मौके पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार, कीर्ति चक्र ने कहा कि एनसीसी कैडेटों के सर्वांगीण विकास में प्रशिक्षण शिविर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे शिविरों से कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना मजबूत होती है।