लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार होगा गया, नगर निगम ने कसी कमर

गयाजी। आगामी पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर गया नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम सभागार में मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की। बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, वार्ड संख्या-51 के पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मनोज कुमार, प्रभारी नगर आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष, कार्यपालक अभियंता, सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मेले के दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, तालाबों के सौंदर्यीकरण, फल्गु नदी तट पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। बैठक को संबोधित करते हुए मेयर गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष मेला केवल गया ही नहीं, बल्कि पूरे देश और विश्व की आस्था का प्रमुख आयोजन है। इसे देखते हुए नगर निगम सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेयर ने बताया कि तालाबों के सौंदर्यीकरण, शहर की नियमित सफाई, प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई तथा अन्य विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। मेले के दौरान अतिरिक्त सफाईकर्मियों के साथ आधुनिक मशीनों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि पूरा शहर स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के तबादले के बाद कुछ कार्यों की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन प्रभारी नगर आयुक्त के पदभार ग्रहण करने के बाद सभी लंबित कार्यों में तेजी लाई जाएगी। मेले से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और इस वर्ष नगर निगम पहले से अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गया का अंतरराष्ट्रीय पितृपक्ष मेला विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। प्रत्येक वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंडदान और तर्पण के लिए गया पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा सुनिश्चित करना नगर निगम का प्रथम दायित्व है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए अत्याधुनिक मशीनों से शहर और मेला क्षेत्र की साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही स्थायी लाइट एंड साउंड सिस्टम विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे मेला क्षेत्र की व्यवस्था और आकर्षण दोनों में वृद्धि होगी। फल्गु नदी के घाटों पर साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में अधिकारियों ने मेले की तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की रणनीति बनाई। नगर निगम का लक्ष्य इस वर्ष पितृपक्ष मेले को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है, ताकि गया आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।

Jul 10, 2026 - 19:50
लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार होगा गया, नगर निगम ने कसी कमर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0