205 कोबरा में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, तिरंगा रैली से दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
गयाजी। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के तहत 205 कोबरा परिसर में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। 7 से 15 अगस्त तक चल रहे ‘वंदे मातरम्’ विषय आधारित कार्यक्रमों की कड़ी में मंगलवार को विभिन्न राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट 205 कोबरा श्री नरेश पंवार, द्वितीय कमान अधिकारी श्री अखिलेश कुमार यादव एवं श्री अजीत कुमार के मार्गदर्शन और नेतृत्व में हुआ। इसमें वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों के साथ केंद्रीय विद्यालय, 205 कोबरा के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक साथ स्वर मिलाकर राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। सामूहिक गायन से पूरे परिसर में देशभक्ति, देशप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना और मजबूत हुई।
इसके बाद भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘हर घर तिरंगा रैली’ निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर अधिकारियों, जवानों, केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के साथ निकली रैली ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और नागरिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना भी रहा।
205 कोबरा द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को भव्य, गरिमामय एवं प्रभावशाली बना दिया।