47वीं बटालियन सीआरपीएफ में धूमधाम से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस, बच्चों को सुरक्षा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

गयाजी। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय, जेल कॉम्प्लेक्स, गया में सोमवार को सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट अवधेश कुमार ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जवानों ने देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक, प्रेरणादायक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सीआरपीएफ के कार्यों, दायित्वों तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी गई। साथ ही आधुनिक हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन कर उनकी कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया, जिसे बच्चों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ देखा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों के बीच सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें संगठनात्मक विषयों, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना पर विशेष बल दिया गया। जनसंपर्क एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के उद्देश्य से दो निजी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला (ड्राइंग) प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। विजेता प्रतिभागियों को कमांडेंट द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना था। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि एक स्कूल के मयंक कुमार को 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी के.के. सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार, उप कमांडेंट अभय सिंह भाटी, उप कमांडेंट पंकज कुमार, उप कमांडेंट उत्तम कुमार, अधिकारी, जवान, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सीआरपीएफ के राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Jul 27, 2026 - 19:52
47वीं बटालियन सीआरपीएफ में धूमधाम से मनाया गया 88वां स्थापना दिवस, बच्चों को सुरक्षा और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0