जगजीवन कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

गयाजी। जगजीवन कॉलेज, गया के मनोविज्ञान विभाग द्वारा शुक्रवार को मनोविज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुरानी ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप से संबंधित विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप चार क्रेडिट का अनिवार्य पाठ्यक्रम है। साथ ही स्पष्ट किया कि जो विद्यार्थी दूसरे या चौथे सेमेस्टर के बाद महाविद्यालय छोड़ना चाहते हैं, उनके लिए भी इंटर्नशिप करना अनिवार्य होगा, हालांकि ऐसे विद्यार्थियों को इसका क्रेडिट स्कोर प्राप्त नहीं होगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए इंटर्नशिप सेल, नोडल अधिकारी एवं विभागीय मेंटर उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आगाह किया गया कि नेटवर्किंग, मार्केट चेन आदि क्षेत्रों में इंटर्नशिप नहीं करनी है। इंटर्नशिप में सफल होने के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। इसकी अवधि 120 घंटे निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में जमा करनी होगी तथा जिस संस्थान या लैब में प्रशिक्षण करेंगे, वहां की जीपीएस टैग युक्त तस्वीर भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करनी होगी। संबंधित संस्थान के सुपरवाइजर विद्यार्थियों के कार्यों का मूल्यांकन एवं मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में आमंत्रित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी इंटर्नशिप के अवसरों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप की सफलता उनकी सैद्धांतिक पढ़ाई पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति बनाए रखने तथा अपने विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित उपस्थिति नहीं होने पर परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रो. रतिकांत दास, प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. अंकना, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. ऐजाज़ असलम, डॉ. निरुपमा कुमारी, डॉ. नारायण कुमार, डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र, डॉ. शोभा, डॉ. अमित कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Aug 7, 2026 - 16:18
जगजीवन कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0