भाजपा-जदयू गठबंधन की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त : सुबोधकांत सहाय

Jun 5, 2024 - 07:24
भाजपा-जदयू गठबंधन की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त : सुबोधकांत सहाय

गया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा-जदयू गठबंधन की जनविरोधी नीतियों से बिहार की जनता त्रस्त है। एनडीए की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है। किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, लघु और मध्यम वर्ग के व्यापारियों सहित अन्य पिछड़े और कमजोर वर्ग के लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। वहीं, दूसरी ओर अडानी ग्रुप और अंबानी ग्रुप सहित अन्य पूंजीपतियों की तिजोरियां भरने में भाजपा जुटी हुई है। श्री सहाय शनिवार को देशपत्र संवाददाता से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन की सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता को नुकसान पहुंचा है। विगत पन्द्रह वर्षों से एनडीए के शासनकाल में सुशासन के नाम पर जनता को कुशासन दिया गया। डेढ़ दशक में बिहार में न तो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए और न ही नये कल-कारखाने लगे। नीतीश कुमार महज कागजी घोड़े दौड़ा कर विकास का दावा करते रहे हैं। एनडीए के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल रहा है। युवा बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में धरातल पर कोई काम नहीं किया गया। किसानों के साथ भाजपा ने अन्याय किया। भाजपानीत सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा बिहार की जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा-जदयू गठबंधन को सबक सिखाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने और तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए महागठबंधन की सरकार को समर्थन देने की जनता से अपील की गई है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में यदि जनसमर्थन मिला और जनता ने सत्ता की बागडोर संभालने का अवसर दिया, तो बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। युवा नेतृत्व में नई सोच और नई ऊर्जा के साथ नया बिहार बनाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0