दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, DGP ने की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा; 24x7 कंट्रोल रूम और ड्रोन निगरानी के निर्देश
रांची। आगामी दुर्गा पूजा और विजयादशमी को देखते हुए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 सितंबर को पुलिस मुख्यालय, रांची में पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड की अध्यक्षता में सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई।
रांची। आगामी दुर्गा पूजा और विजयादशमी को देखते हुए झारखंड पुलिस ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 सितंबर को पुलिस मुख्यालय, रांची में पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड की अध्यक्षता में सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी। DGP ने सभी जिलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ 24x7 नियंत्रण कक्ष में पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया।
पूजा पंडालों का होगा सत्यापन
पुलिस अधिकारियों को सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का सत्यापन करने तथा वरीय अधिकारियों को पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने को कहा गया है। पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे।
पंडालों में CCTV कैमरे, पर्याप्त रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील पंडालों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जरूरत के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन पर जोर
पूजा स्थलों तक जाने वाले मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में समुचित ट्रैफिक व्यवस्था करने तथा सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था के साथ आपात स्थिति के लिए Emergency Exit Gate की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा, बिजली आपूर्ति और पुलिस व इमरजेंसी हेल्पलाइन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार पुलिस-मित्र और हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की जाएगी।
असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
पुलिस को छेड़खानी, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी नजर रखने और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।
इसके अलावा पूजा के नाम पर होने वाली अवैध चंदा वसूली को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा डांडिया और अन्य नृत्य समारोहों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विसर्जन जुलूस पर भी रहेगी विशेष निगरानी
दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन को लेकर विसर्जन की तिथि और जुलूस मार्गों का सत्यापन करने को कहा गया है। जुलूस मार्ग में आने वाले धार्मिक स्थलों और विवादित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
विसर्जन घाटों और नदियों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने, जुलूस की वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी कराने तथा विसर्जन स्थल पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। साउंड सिस्टम से उत्तेजक गानों के प्रयोग पर नियंत्रण और डीजे को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के आदेश का अक्षरशः पालन कराने को भी कहा गया है।
अपराध नियंत्रण को लेकर भी निर्देश
DGP ने सभी पुलिस अधीक्षकों को सांप्रदायिक दंगों से जुड़े मामलों, लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ छापेमारी, संवेदनशील हॉट-स्पॉट की पहचान, लगातार आसूचना संकलन, शांति समिति की बैठक और स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
त्योहार के दौरान सघन गश्ती और एंटी-क्राइम चेकिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। विजयादशमी के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के साथ भगदड़ और विधि-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा गया है।
बैठक में पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न जिलों के एसएसपी एवं एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







