राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में संत पैट्रीक स्कूल प्रथम, शांति निकेतन द्वितीय और स्वामी विवेकानंद सेकेंडरी स्कूल ने हासिल किया तृतीय स्थान
भारत विकास परिषद के दक्षिण बिहार प्रांत पूर्व क्षेत्र की मगध शाखा की ओर से रविवार को संत पैट्रीक स्कूल, नवागढ़ी गया के सभागार में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
गया। भारत विकास परिषद के दक्षिण बिहार प्रांत पूर्व क्षेत्र की मगध शाखा की ओर से रविवार को संत पैट्रीक स्कूल, नवागढ़ी गया के सभागार में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। मुख्य अतिथि वैज्ञानिक एवं मुंगेर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. रंजीत कुमार वर्मा ने कहा कि समूहगान में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ गायन करने से बच्चों की ज्ञानेंद्रियों का बेहतर समन्वय होता है। उन्होंने कहा कि वे भी भारत विकास परिषद से जुड़े रहे हैं। यह संस्था बच्चों में संस्कार, सेवा और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल में अशोक कुमार पाठक, कुमारी मिशेल और कुमार रजनीश शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रदर्शन के आधार पर संत पैट्रीक स्कूल को प्रथम, शांति निकेतन स्कूल को द्वितीय तथा स्वामी विवेकानंद सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान प्रदान किया। विजेता टीम को ट्रॉफी तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के बाद शांति निकेतन स्कूल और स्वामी विवेकानंद सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने क्षेत्रीय गीत प्रस्तुत कर अपनी संस्कृति की झलक पेश की। हारमोनियम और नाल वादकों ने वाद्य यंत्रों से प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर पर्यवेक्षक इंजीनियर परमेश्वर सिंह, अध्यक्ष डॉ. गिरीश प्रसाद, सचिव डॉ. रतन देव शर्मा, पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, श्रीश रंजन, डॉ. लाल देव यादव, कोषाध्यक्ष सुमन कुमार विश्वकर्मा, अधिवक्ता रंजीत कुमार, समीर कुमार, विनोद ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता रंजीत कुमार ने किया। संस्कार संयोजक मनोज कुमार ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देकर गायन प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





