मुजफ्फरपुर को मिलेगी नई पहचान, CM सम्राट का ऐलान, कहा : 22 हजार एकड़ में बनेगी नई सैटेलाइट टाउनशिप, एयरपोर्ट से लेकर रैपिड रेल तक कई बड़ी घोषणा
MUZAFFARPUR : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईंपुर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर में समस्याओं/शिकायतों के समाधान के लिए आए आमलोगों से मिले। मुख्यमंत्री ने आवेदन देखा-पढ़ा, लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के निर्देश दिये। सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान लोगों से बात की, उनका हालचाल जाना और स्थानीय समस्याओं के बारे में भी बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से मुजफ्फरपुर जिला के लिए 288.16 करोड़ की 109 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 6733 स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को जीविकोपार्जन हेतु 101 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, वासगीत गृह स्थल पर्चा, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना, मनरेगा बकरी शेड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड एवं जन्म प्रमाणपत्र के लाभुकों लाभुकों को प्रमाणपत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी ने हरित पौधा तथा जनप्रतिनिधियों ने प्रतीक चिह्न, अंगवस्त्र एवं फूलों की बड़ी माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात् अपने संबोधन में कहा कि आपके जिला के मोतीपुर प्रखंड की परसौनी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में आपके बीच आने का मौका मिला है। इस शिविर में समस्या के समाधान के लिए आए लोगों के आवेदन को मैंने देखा और समाधान का निर्देश दिया है। सहयोग शिविर में मुजफ्फरपुर जिला में अबतक 10 हजार आवेदन आए हैं जिसमें लगभग 90 प्रतिशत लोगों के आवेदन का निष्पादन जिला प्रशासन ने कर दिया है। ये बहुत खुशी की बात है।
उन्होंने कहा कि यह सहयोग शिविर जनता का कार्यक्रम है। इसमें समस्याओं का समाधान करना हमारा मकसद है। सभी जगहों से जानकारी मिल रही है कि अभी तक जो आवेदन आ रहे हैं उसका निष्पादन हुआ है और कुछ के निष्पादन के लिए तेजी से कार्य चल रहे हैं। हमने समस्याओं के समाधान के लिए टाइम फ्रेम निर्धारित कर दिया है। अगर 10 दिन में समस्याओं के समाधान के लिए कुछ नहीं किया गया तो 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय से पहला नोटिस जाएगा। 20 दिन तक नहीं कोई कार्रवाई हुई तो 21वें दिन दूसरा नोटिस जाएगा और उसके बाद 25 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 26वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30वें दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 31वें दिन संबंद्ध पदाधिकारी को मुख्यमंत्री कार्यालय से निलंबन का नोटिस जाएगा। पूरे प्रशासनिक तंत्र को इससे अवगत करा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। उस सपने को पूरा करने के लिए हमसब मिलकर काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. डॉ. श्री कृष्ण सिंह जी के कामों को लोग याद रखते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने न्याय के साथ विकास के सिद्धांत को आगे बढ़ाया। राज्य में सड़कों का जाल बिछाया। आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई तो नीतीश कुमार जी ने हर घर तक बिजली पहुंचाई। एनडीए की सरकार राज्य में लोगों के लिए 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान कर रही है। अगले 20 वर्षों में पीएम सूर्य घर के माध्यम से लोगों को मुफ्त बिजली प्रदान की जाएगी। नीतीश कुमार जी ने स्कूलों के लिए बिल्डिंग बनवाई। 5 लाख 28 हजार शिक्षकों की बहाली की। हमने कहा है कि महिला शिक्षकों का स्थानांतरण अपने गृह पंचायत के बगल वाली पंचायत में तथा पुरुष शिक्षकों का स्थानांतरण अपने गृह प्रखंड के बगल वाले प्रखंड में किया जाएगा। शिक्षकों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है लेकिन उन्हें स्कूल में उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही होगा।
उन्होंने कहा कि हमने 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय किया है। यह मॉडल स्कूल ऐसा हो जिसमें अधिकारी, नेता भी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए पैरवी करेंगे। उस दिन हम समझेंगे कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो गई। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और आदरणीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने आतंकियों पर कड़ा प्रहार किया और घुसपैठियों पर लगाम लगाई। देश प्रगति की राह पर है। बिहार में भी किसी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा जो पुलिस को चैलेंज करेगा उसे 48 घंटे में जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। उसको फिर से प्राप्त करना है। बिहार को समृद्ध बनाना है। बिहार को बदलने के लिए हम अपना कतरा-कतरा खून लगा देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट बनाने की सारी प्रकियाएं पूरी कर ली गई हैं, जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमलोगों ने तीन चीनी मिलों को खोलने का निर्णय किया है। चौथा चीनी मिल खुलेगा तो मोतीपुर में ही खुलेगा। 2030 तक बिहार में 25 चीनी मिल शुरू करेंगे। राज्य सरकार ने 3 लाख 47 हजार करोड़ का बजट तैयार किया है। बिहार समृद्धि के रास्ते पर है। केंद्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। समृद्ध बिहार और गौरवशाली बिहार बनाने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना है।
कैबिनेट से 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया गया है। 22 हजार एकड़ जमीन में तिरहुत नाम से इस क्षेत्र में नई सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर शहर को और व्यवस्थित बनाना है। रैपिड रेल शुरू करने की हमलोगों की योजना है। रैपिड रेल जब शुरू हो जाएगा तो मुजफ्फरपुर 30 से 40 मिनट में लोग पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि सहयोग शिविर का भ्रमण करते रहें। जनता से मिलकर उनकी समस्या को जानें। जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर उनसे फीडबैक लें और मुझे भी जानकारी दें। सहयोग शिविर में लोगों को लाभ मिले। यह सभी को सुनिश्चित करना है। हमारा उद्देश्य है कि बिहार की जनता समृद्ध हो, इसके लिए हमसब को मिल-जुलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह मुजफ्फरपुर जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, सांसद वीणा देवी, विधायक राजू कुमार सिंह, विधायक अजीत कुमार, विधायक अरुण कुमार सिंह, विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह, विधायक रंजन कुमार, विधायक अजय कुशवाहा, विधायक बेबी कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव सह मुजफ्फरपुर जिला के प्रभारी सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक नीरज कुमार सिंह, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, सहयोग शिविर में आई हुई आम जनता, विभिन्न योजनाओं के लाभुकगण तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











