केसपा में मेगा मानसिक एवं दंत चिकित्सा शिविर, 200 से अधिक मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

गयाजी। माँ तारा देवी मंदिर, केसपा के समीप सम्वेदना साइकियाट्रिक क्लिनिक एवं डी-एडिक्शन सेंटर के तत्वावधान में मेगा मानसिक एवं दंत चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श, उपचार और दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर में प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. दीपशिखा काव्या ने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। वहीं, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सिन्हा ने दांतों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच कर उचित उपचार और आवश्यक सलाह दी। इस दौरान मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, तनाव, अवसाद, चिंता, मिर्गी तथा दांतों की स्वच्छता और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। पात्र मरीजों के बीच निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। डॉ. दीपशिखा काव्या ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मानसिक रोगों को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें, क्योंकि उचित उपचार से इनका सफल इलाज संभव है। डॉ. श्वेता सिन्हा ने नियमित दंत परीक्षण, सही तरीके से ब्रश करने और मौखिक स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर दांतों की कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों, स्वयंसेवकों एवं आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प लिया। सम्वेदना साइकियाट्रिक क्लिनिक एवं डी-एडिक्शन सेंटर समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Jul 12, 2026 - 20:41
केसपा में मेगा मानसिक एवं दंत चिकित्सा शिविर, 200 से अधिक मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0