शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के रूप में देशसेवा करना चाहते हैं शुभम झा

शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के रूप में देशसेवा करना चाहते हैं शुभम झा

रांची। लक्ष्य निर्धारित कर मंजिल की ओर अग्रसर रहें,
तो सफलता जरूर मिलेगी। मेहनत, लगन, ईमानदारी व निष्ठा से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। ऐसा मानना है एचइसी परिसर निवासी प्रतिभावान और लगनशील छात्र शुभम कुमार झा का। शुभम की इच्छा आगे चलकर शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी के रूप में देशसेवा करने की है। इस दिशा में उन्होंने प्रयास भी प्रारंभ कर दिया है। एचईसी आवासीय परिसर निवासी शुभम ने केरली स्कूल से सीबीएसई की 12 वीं कक्षा की परीक्षा (2020) में बेहतर प्रदर्शन किया है। उसने अपने स्कूल में टाॅप टेन में पांचवा स्थान प्राप्त किया। शुभम के पिता एनके झा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में सेवारत हैं। वहीं, उनकी माता कुमकुम झा गृहणी हैं। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा भी केरली स्कूल से ही हुई। वह शुरू से ही कक्षाओं में बेहतर परिणाम लाते रहे हैं। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हैं। वह कहते हैं कि छात्रों के व्यक्तित्व विकास और उनके अंदर छुपी प्रतिभा निखारने में शिक्षकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षकों का सही मार्गदर्शन परीक्षा परिणाम बेहतर होने में काफी सहायक होता है। फिलहाल शुभम ने राजधानी स्थित संत जेवियर कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया है। उनका लक्ष्य सिविल सर्विसेज में जाने का है। शुभम कहते हैं कि किसी काम को पूरा करने का जज्बा और जुनून हो तो सफलता का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में प्रयास शुरू कर दिया है। शुभम का मानना है कि राष्ट्रप्रेम सर्वोपरि है। देशसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। युवाओं के प्रति अपने संदेश में शुभम कहते हैं कि सदैव अपनी ऊर्जा का सदुपयोग करें। सकारात्मक सोच के साथ अपने जीवन पथ और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते रहें, सफलता कदम चूमेगी।